संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। खटकड़ गांव के पेट्रोल पंप पर शनिवार रात दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच-छह बदमाशों ने पिस्तोल के बल पर दो सेल्जमैन को काबू कर उनसे 15 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद दोनों को कमरे में बंद कर लुटेरे फरार हो गए। थाना पुलिस ने सेल्जमैन की शिकायत पर अज्ञात छह युवकों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
खटकड़ पेट्रोल पंप पर शनिवार रात सेल्जमैन गांव बरसोला निवासी प्रवीण, गांव घोघड़िया निवासी राजू, पंप मालिक गांव खटकड़ निवासी राकेश पेट्रोल पंप पर थे। उसी दौरान चेहरा ढककर दो बाइकों पर सवार पांच-छह युवक गलत दिशा से पंप पर आए। सेल्जमैन प्रवीण कुछ समझता, उसी दौरान उसके कान से पिस्तोल सटा दी। अन्य ने चाकू निकाल लिए। फिर उसकी जेब से आठ हजार रुपये की नकदी और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी उसे इलेक्ट्रिक रूम में ले गए। जहां पर आरोपियों ने सेल्जमैन राजू के साथ मारपीट कर उससे सात हजार रुपये छीन लिए और कमरे में बंद कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी उन्हें बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद दोनों किसी तरह बाहर निकले और कमरे में सोए मालिक को लूट के बारे में बताया। थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने सेल्जमैन प्रवीण की शिकायत पर अज्ञात छह युवकों के खिलाफ लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।