गाड़ी का शीशा तोड़कर जेवरात किए चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सैनी मोहल्ले में घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी से अज्ञात लोग शीशा तोड़कर सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस ने सैनी मोहल्ला निवासी विकास की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में सैनी मोहल्ला निवासी विकास ने कहा कि वह अपनी बहन के साथ अपनी कार में बाजार गया हुआ था। वह बाजार से अपने घर लौट आया। उसने अपनी कार अपने घर के बाहर खड़ी की हुई थी। कार में उसकी बहन का हैंडबैग रखा हुआ था। आधे घंटे के बाद जब वह घर से बाहर आया तो उसकी गाड़ी का शीशा टूटा हुआ मिला तथा कार में रखा उसकी बहन का हैंडबैग गायब मिला। विकास ने कहा कि उसकी बहन के हैंडबैग में एक सोने की अंगूठी तथा एक जोड़ी चांदी की पायल थी। आसपास तलाशने तथा पूछताछ के बावजूद उसकी बहन के हैंडबैग का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने विकास की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।