नहीं रुक रहा चौटाला परिवार का वीडियो वार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पिछले दो दिन से चल रही चौटाला परिवार के वीडियो वार बुधवार को भी नहीं थमी। बुधवार को एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक वीडियो डाला गया, जिसमें दिखाया गया है कि दो दिन पहले आए वीडियो में ओमप्रकाश चौटाला की पत्नी स्नेहलता जो कुछ बोल रही हैं, लेकिन एक व्यक्ति उनको पीछे से कुछ कहने के लिए समझा रहा है। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्नेहलता जो कुछ बोल रही हैं, इससे पहले उनको यह बोलने के लिए कोई और कह रहा है। गौरतलब है कि दो दिन पहले स्नेहलता का एक वीडियो आया था, जिसमें वे सांसद दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला के बारे में बोल रही हैं। इसके बाद अब दूसरा वीडियो सामने आया है। वहीं सांसद दुष्यंत चौटाला ने इस प्रकार के वीडियो की प्रमाणिकता पर सवाल उठते हुए कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। वहीं इनेलो नेता कर्ण चौटाला ने कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
ताई पर टिप्पणी नहीं
बुधवार को कर्ण चौटाला से जब उनकी ताई नैना चौटाला के भावुक होकर वोट मांगने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपनी ताई पर कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। साथ ही उन्होंने कह कि वे जेजेपी नेताओं के साथ खुली बहस करने को तैयार हैं।