जींद। जिले में शुक्रवार को पांच केंद्रों पर बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। 1279 विद्यार्थियों ने बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा दी जबकि 64 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के लिए कुल 1343 विद्यार्थी पंजीकृत थे।
परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए विद्यार्थी दोपहर साढ़े 12 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों के आधार कार्ड व एडमिट कार्ड की जांच की गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर आवश्यक प्रबंध किए गए थे। परीक्षा दोपहर 01:30 बजे से लेकर 02 : 45 बजे तक हुई।
परीक्षा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी और जिला विज्ञान विशेषज्ञ ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बुनियाद लेवल-2 परीक्षा शिक्षा विभाग एवं हरियाणा सरकार की ओर से विकल्प फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान विषय में दक्ष बनाना और उनमें वैज्ञानिक सोच और दृष्टिकोण का विकास करना है।
बुनियाद कार्यक्रम के अंतर्गत 9वीं व दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। चयनित विद्यार्थियों को इस योजना के तहत निशुल्क वर्दी, पाठ्य पुस्तकें, टैबलेट और बुनियाद केंद्र तक आने-जाने के लिए भत्ता भी उपलब्ध कराया जाता है।
वर्तमान में जिले में मिशन बुनियाद के अंतर्गत पांच केंद्र संचालित किए जा रहे हैं जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना, मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सफीदों और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना शामिल हैं। इन केंद्रों पर लगभग 200 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों का विवरण :
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद – कुल 412, उपस्थित 387, गैरहाजिर 25
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना – कुल 182, उपस्थित 171, गैरहाजिर 11
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना – कुल 271, उपस्थित 267, गैरहाजिर 4
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सफीदों – कुल 213, उपस्थित 203, गैरहाजिर 10
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उचाना मंडी – कुल 265, उपस्थित 251, गैरहाजिर 14
कुल: 1343 विद्यार्थी, उपस्थित 1279, गैरहाजिर 64
वर्जन
मिशन बुनियाद योजना हरियाणा सरकार व शिक्षा विभाग की ओर से विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सशक्त बनाने, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने व विद्यार्थियों को लक्ष्य-आधारित और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। मिशन बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा में चयनित विद्यार्थी मिशन बुनियाद की लेवल–3 परीक्षा में भाग लेंगे।
-रणधीर सिंह लोहान, जिला विज्ञान विशेषज्ञ,जींद।