नरवाना। दनौदा गांव में बुधवार को माइनर टूट गई, जिससे पानी खेतों में भर गया। पानी भरने से लगभग 50 एकड़ गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल पककर तैयार थी। आज-कल में कटाई शुरू करनी थी, लेकिन बुधवार को अचानक माइनर टूटने से सारा पानी गेहूं की फसल में भर गया, जिससे उनकी फसल खराब हो गई।
किसान राममेहर, राजीव, धोला, रामदिया, मोहन, सत्तू, श्रीनिवास, मित्तू ने बताया कि उनकी गेहूं की फसल तैयार थी। वह कटाई के लिए मशीनों का इंतजाम कर रहे थे। माइनर टूटकर पानी उनके खेतों में घुस गया। जिससे उनकी छह माह की मेहनत पर पानी फिर गया। नहरी विभाग के एसडीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग सात बजे माइनर टूटने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर माइनर को बंद करने का काम कर दिया है। एसडीओ ने बताया कि रात को आंधी आई थी। जिस कारण घास फूस माइनर के पुल के नीचे जमा हो गया और पानी आगे नहीं जा सका। पानी माइनर के ऊपर से बहने लगा और फिर पानी ने अपना रास्ता खेतों की तरफ बना लिया।