अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
सरकार द्वारा एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू की जाए, लेकिन जिला की अधिकतर अनाज मंडियां और खरीद केंद्र अभी तक खरीद के लिए तैयार नहीं हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि मंडियों में दस अप्रैल के आसपास गेहूं की आवक शुरू होगी, तब तक इंतजाम कर लिए जाएंगे।
जिल की सभी बड़ी मंडियों जींद, नरवाना, सफीदों, उचाना व अलेवा जहां स्थाई मंडियां हैं वहां व्यवस्थाएं सही हैं, लेकिन खरीद केंद्रों पर अभी तक प्रशासन ने कोई तैयारी नहीं की है। गौरतलब है कि जिला में कुल 33 जगह गेहूं की खरीद होगी। इसमें सात मंडियां हैं। अन्य सभी ग्रामीण खरीद केंद्र हैं। यहां व्यवस्थाएं अभी तक नहीं हो पाई हैं। नगूरां गांव स्थित खरीद केंद्र पर हालांकि प्रशासन ने सफाई करवा दी है, लेकिन यहां पानी व बिजली का इंतजाम नहीं किया गया है। नगूरां खरीद केंद्र पर व्यापारी ही देरी से गेहूं की खरीद शुरू करना चाहते हैं। खरीद केंद्र आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान धर्मपाल के अनुसार अभी से खरीद शुरू करने पर किसान कच्ची गेहूं लेकर आएंगे। इसके बिकने में दिक्कत आएगी। ऐसे में 10-12 अप्रैल के आसपास गेहूं की खरीद शुरू की जाएगी। इसके अलावा शामलो कलां गांव स्थित खरीद केंद्र पर भी कोई इंतजाम नहीं हैं। यहां ग्रामीणों द्वारा उपले डाले गए हैं। ऐसे में यदि गेहूं की फसल आती है तो इसे डालने की जग तक नहीं है। आढ़ती सतीश कुमार के अनुसार 15 अप्रैल के आसपास गेहूं की आवक शुरू होगी। तब तक खरीद केंद्र को तैयार करवा लिया जाएगा।
बारदाना पर्याप्त
जिला भर में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद की तैयारियां पूरी हैं। इसके लिए एजेंसियां अलॉट कर दी गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी हैं। मंडियों में इंतजाम मार्केट कमेटी को करने हैं।
राजेश आर्य, डीएफएससी
मंडी में तमाम सुविधाएं मुहैया करवा दी गई हैं। खरीद केंद्रों पर तैयारियां चल रही है। खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक कुछ दिन बाद ही शुरू होती है। यहां आढ़ती दुकान भी नहीं लगाते, ऐसे में बिजली जैसी सुविधाएं बाद में ही दी जाती हैं।
पवन चोपड़ा, मार्केट कमेटी सचिव।