अंडरपास के निर्माण को लेकर एडीआरएम और डीसी ने जानी दुकानदारों की राय
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। पांच फरवरी से बंद लितानी रोड रेलवे फाटक के 20 मार्च को खुलने के बाद रेलवे के एडीआरएम राजीव धनखड़, डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने लितानी रोड फाटक का दौरा किया। इस दौरान एसडीएम प्रद्युमन, बीएंडआर एक्सईएन कमलदीप राणा, नपा सचिव महाबीर सिंह भी मौजूद रहे। अंडरपास कहां बने इसे लेकर दुकानदारों ने से अधिकारियों ने उनकी राय जानी। एडीआरएम और डीसी ने पहले फाटक के दोनों तरफ जाकर निरीक्षण किया, जहां रेलवे द्वारा अंडरपास बनाने का नक्शा बनाया गया था। फाटक से नरवाना की तरफ रेलवे की जमीन को भी देखा, जहां पर यू टर्न के आकार में दुकानदार अंडरपास बनाने की मांग कर रहे हैं। यहां पर बीएंडआर से पैमाइश करवाने के साथ उनके अधिकारियों की राय भी जानी।
एडीआरएम व डीसी ने कहा कि उनकी कोशिश रहेंगी कि अंडरपास के निर्माण की वजह से किसी दुकानदार को कोई नुकसान न हो। जो दुकानदार यू आकार का अंडर पास बनाने की मांग कर रहे हैं उसको लेकर वह अधिकारियों से उनकी राय जानेंगे। जो भी जानकारी मिलेंगी उस बारे में वो खुद यहां आकर दुकानदारों को बताएंगे उसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कोशिश होगी कि किसी को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हो।