अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना।
मालवी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूरी करने वाले 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस बात की सूचना पुलिस को किसी ने फोन करके दी थी। उसने पुलिस को बताया कि गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई है। लेकिन जब पुलिस गांव में पहुंची तो युवक का अंतिम संस्कार किया जा चुका था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर चिता को फायरब्रिगेड से बुझाकर अस्थियां ली हैं और इसके नमूने जांच के लिए मधुबन भेज दिए हैं। पुलिस के अनुसार युवक के परिजनों ने पेट में दर्द के चलते युवक की सामान्य मौत बताया है। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के पास सुबह सवा सात बजे फोन आया कि गांव के एक युवक की हत्या कर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शव शत प्रतिशत जल चुका था। इसके बाद ड्यूटी मैजिस्ट्रेट व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और चिता को बुझाकर अस्थियां निकाली गई। पुलिस के अनुसार अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया है कि संदीप को अचानक पेट में दर्द हो गया था। कुछ समय बाद ही अचानक उसकी मौत हो गई। जांच के लिए गांव से डॉक्टर को बुलाया गया लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
लोगों के बयान किए दर्ज
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर करीब एक दर्जन लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इसमें मृतक के पिता से लेकर उसके परिवार के सदस्य और गांव के अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इस दौरान संदीप को गांव के ही एक व्यक्ति को भी दिखाया गया, जो सरकारी अस्पताल में कंपाउंडर लगा हुआ है।
लैब भेजी रिपोर्ट
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मालवी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो शव का अंतिम संस्कार किया जा चुका था। अस्थियों के सैंपल ले लिए गए हैं और जांच के लिए लैब भेज दिए।
सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी जुलाना।