फोटो 67 : अमन के घर शोक जताने पहुंचे हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया।
बहादुरगढ़। शहर के होशियार सिंह स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल गिरने से 15 वर्षीय अमन के मौत के मामले में राजनीति और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार को हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया अमन के परिजनों से मिले और शोक व्यक्त किया।
उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि युवा कांग्रेस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।कटारिया ने घटना को लेकर स्टेडियम के रखरखाव में गंभीर लापरवाही और पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान हुई कथित चूक को अमन की मौत का मुख्य कारण बताया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई खामियां हैं जिनसे यह संदेह गहरा होता है कि दोष छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में अमन को लड़की (फीमेल) दिखाया गया है और उम्र 15 वर्ष की बजाय 25 वर्ष दर्ज की गई है। पीजीआई के डॉक्टरों द्वारा समय और प्रक्रिया में भी अनियमितता दिखाई गई है जो घोर लापरवाही का संकेत है।
कटारिया ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान से ऐसी गलतियों की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनका कहना है कि एक नाबालिग की मौत जैसे संवेदनशील मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट की गलतियां व्यवस्था की नाकामी और सुस्ती को उजागर करती हैं। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
निशित कटारिया ने बताया कि अमन के पिता ने उन्हें बताया है कि वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने गए लेकिन स्टाफ यूपी के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में व्यस्त होने के कारण शिकायत लेने के लिए उपलब्ध नहीं था। उन्हें सोमवार को लिखित शिकायत लाने की बात कही गई। ये पूरी तरह एक सिस्टम का दोष है।
उधर, हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप यादव कहा कि अमन की मौत लापरवाही का परिणाम है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई गलतियां चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। युवा कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। इस मौके पर बहादुरगढ़ युवा कांग्रेस शहरी अध्यक्ष पंकज फोगाट, वीरेंद्र मलिक, कमल अरोड़ा आदि मौजूद रहे।