माजरा गांव में घर में घुसकर परिवार पर हुए हमले में घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने गांव के छह लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माजरा गांव निवासी सुनीता ने पुलिस में शिकायत दी थी कि गत पांच अप्रैल को वह अपने घर पर थी। अचानक से पहले की रंजिश के कारण मुकेश पत्नी रोहताश, धर्मेन्द्र पुत्र किशोरी, ज्योति पुत्री धर्मेन्द्र, आकाश पुत्र धर्मेन्द्र, राहुल पुत्र रोहताश, बबली पत्नी धर्मेन्द्र शाम को उसके घर पर आए।
विज्ञापन
उन्होंने मेरे और मेरे बेटे सागर, मेरी मां कुलावती, बेटी शिकू व नेहा के साथ ईंट, पत्थर, डंडे व लात मुक्को के साथ मारपीट की, जिसके बाद में इलाज के लिए अस्पताल बेरी में गई, लेकिन वहां पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
तब वह उनके डर के मारे आटो लेकर अपने पीहर रोहतक के इंदरगढ़ आ गई। वहां आने के बाद 7 अप्रैल की शाम को उसके बेटे सागर ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर मुकेश, धर्मेंद्र, ज्योति, आकाश, राहुल और बबली के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।