बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर गांव सांखोल के पास स्थित जसवंत ढाबा के संचालक पर रविवार रात कार सवार एक युवक ने अंधाधुंध फायर कर दिए। ढाबा संचालक ने खाने के पैसे मांगे तो युवक ने गोलियां बरसा दीं। ढाबा मालिक को पेट व छाती में चार गोलियां लगीं, गंभीर हालत में उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजनों ने उसे स्थानीय ब्रह्मशक्ति अस्पताल में भर्ती करवाया। उसके शरीर में फंसी चारों गोलियों को आपरेशन कर निकाल दिया गया। लेकिल अभी ढाबा संचालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
आंध प्रदेश के जिला श्रीकुलाम के गांव रूशीकुडा निवासी सांधी कामेश्वर राव उर्फ लंबू रोहतक रोड पर गांव सांखोल के पास करीब 10 साल से जसवंत ढाबा के नाम से ढाबा चलाता है। हर रोज की तरह वह रविवार रात को भी ढाबे पर बैठा था। रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर कार में सवार एक युवक आया और उसने भोजन पैक करवाया। लंबू ने उससे भोजन का भुगतान मांगा तो वह झगड़ने लगा। इसी दौरान तैश में आकर युवक ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाली और लंबू पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर पास में दुकान चलाने वाला उसका भाई सांधी केशव राव और अन्य लोग पहुंच गए। उन्हें देख कर युवक कार में सवार होकर फरार हो गया। कामेश्वर को गोलियां लगी थीं, वह लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। भाई और बाकी लोगों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया। कुछ ही देर में सेक्टर-6 थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। एक टीम ने घटना स्थल पहुंच कर जांच शुरू की। ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल के सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि गोलियां लगने से घायल हुए लंबू का ऑपरेशन किया गया है। लेकिन उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। सेक्टर-6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरसिंह ने बताया कि लंबू के भाई केशव राव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फोटो 1 : अस्पताल के बाहर खड़े घायल लंबू के परिजन।