बहादुरगढ़। शहर के वार्ड-30 के सैनिक नगर में बढ़ते अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। सैनिक नगर व सेक्टर-6 को जोड़ने वाली दोनों सड़कों पर दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों ने अतिक्रमण किया हुआ है। यहां से निकलने में लोगों को दिक्कत होती है। अतिक्रमण को हटवाने के लिए वार्ड वासियों ने नगर पार्षद डॉ. नीना सतपाल राठी को ज्ञापन सौंपकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
यहां रहने वाले बिजेंद्र, प्रवेश, कृष्ण, सोनू धनखड़, शीला देवी, पूनम, मंजू, माया देवी, शांति, मंजू लता, महेंद्र राठी, सुखबीर, शमशेर समेत कई अन्य ने नगर पार्षद डा. नीना सतपाल राठी को दिए ज्ञापन में बताया कि सैनिक नगर को सेक्टर-6 की तीसरी पुलिया से जोड़ने वाली दोनों सड़कों पर काफी अतिक्रमण कर रखा है। जिससे प्रतिदिन लोग परेशान होते हैं। शाम 6 बजे के बाद भीड़ इतनी बढ़ती है कि यहां से वाहन लेकर निकलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उधर कॉलोनी के लोगों की समस्याएं जानने के बाद नगर पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वह प्रशासनिक अधिकारियों को उक्त मामले से अवगत कराते हुए उनकी समस्या का निदान करवाएंगी।