यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक अपनी आदतों में सुधार नहीं ला रहे हैं। रेलवे रोड, मेन बाजार, नाहरा-नाहरी रोड और दिल्ली-रोहतक रोड पर यह समस्या आम है।
सड़कों पर वाहन चालक मनमर्जी से गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। कई स्थानों पर तो नो-पार्किंग जोन में भी वाहन खड़े दिखाई देते हैं। इससे यातायात बाधित होता है। स्कूल समय और दफ्तर खुलने-बंद होने के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार जनवरी महीने में करीब 1200 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनमें गलत जगह पार्किंग, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना, सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन रोकना जैसे मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कई बार समझाने के बाद भी वही चालक दोबारा नियम तोड़ते हुए पकड़े जाते हैं।
वहीं शहरवासी विक्रम शर्मा, अमित खत्री, सुधीर कुमार ने कहा कि जब तक वाहन चालक खुद जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, तब तक केवल चालान से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं।
वर्जन
जनवरी माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 1200 से अधिक वाहनों के चालान किए गए हैं। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
-सतीश कुमार, एसएचओ टै्रफिक, बहादुरगढ़।