राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए गौरव होती हैं। बेटियों के बिना परिवार को कोई मतलब नहीं। राज्यपाल यहां वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में छात्राओं को उपाधियां प्रदान करने के बाद उपस्थिति को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल सोलंकी ने स्नातक और स्नातकोत्तर छात्राओं को डिग्री प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि हरियाणा गठन के दौरान महज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रूप में एक विश्वविद्यालय हमें मिला था किंतु इन 50 वर्षों में अब पूरे प्रदेश में 43 विश्वविद्यालय चल रहे हैं। राज्यपाल सोलंकी ने महिला सशक्तिकरण का आह्वान किया। राष्ट्रोत्थान में बेटियों का बड़ा महत्व है। अध्यक्षता विधायक नरेश कौशिक ने की। अग्रवाल वैश्य समाज के अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला विशिष्ट अतिथि थे। डीसी रमेश चंद्र बिढ़ाण और एडीसी नरहरि बांगड़ भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि बेटियों को स्वावलंबी बनाने के साथ ही उन्हें बेहतर शिक्षा प्रदान करने में वैश्य शिक्षण संस्थान अपनी जिम्मेवारी निभा रहा है। बहादुरगढ़ शिक्षा सभा के अध्यक्ष श्रीनिवास गुप्ता, रामधन गुप्ता, सत्यनारायण अग्रवाल, मैनेजर यशपाल गांधी ने अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य डा. राजवंती शर्मा ने कालेज की शैक्षणिक सफलता की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
राज्यपाल के हाथों इनको मिलीं उपाधियां
एमए राजनीति विज्ञान में प्रथम स्थान पर रही कालेज की छात्रा मीनू, बीएससी की दुर्गेश, बीकॉम की नेहा, पूजा को राज्यपाल प्रो. सोलंकी ने डिग्री प्रदान की। बीसीए की विनीता, बीसीए की मनीषा को राज्यपाल के हाथों उपाधियां प्राप्त हुईं। मेधावी छात्रा बेबी को राज्यपाल ने कालेज की ओर से सम्मानित किया, जबकि कालेज के मैनेजर यशपाल गांधी और प्राचार्य डॉ. राजवंती शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया।
ये भी रहे मौजूद
दीक्षांत समारोह में एसडीएम मनीषा शर्मा, डीएसपी धीरज कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, राजपाल शर्मा, वैश्य बीएड कालेज की प्राचार्या डॉ. आशा शर्मा, मुख्याध्यापिका अनीता कौशिक, पालेराम शर्मा, पार्षद मोनिका गर्ग और शिव कुमार गुप्ता मौजूद रहे।