बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रेलवे लाइन पर अलग-अलग जगहों पर ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत हो गई। एक के शव का रोहतक पीजीआई में और दूसरे के शव का बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। दोनों मामलों में राजकीय रेलवे पुलिस बहादुरगढ़ ने परिजनों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के कमदी मदारगढ़ पोस्ट शिवपुरा का रहने वाला राजा बाबू लाइनपार में थाना वाले रोड पर रहता था। वह मजदूरी कर गुजारा करता था। शुक्रवार की देर शाम को वह रेलवे लाइन के साथ चल रहा था कि उसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास से निकलते राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्होंने उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। बाद में पुलिस को पता चला तो उसकी पहचान हुई। वह कुछ परिचितों के साथ लाइनपार में किराए के मकान में रहता था। राजकीय रेलवे पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक राजा बाबू के शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
उधर, बहादुरगढ़ जीआरपी के कार्यक्षेत्र में इस्माइला के पास एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह ट्रेन की चपेट में आया है या खुदकुशी की है। पुलिस जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि मृतक की पहचान इस्माइला निवासी नवीन के तौर पर हुई है। वह अविवाहित था। उसके शव का शनिवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाया है।