हरियाणा के झज्जर में सड़क हादसा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर में गुरुग्राम रोड पर दुलीना पुलिस चौकी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार का पिछला टायर फटने से कार सड़क पर पलट गई। उसमें सवार 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक 10 वर्षीय बच्चे सहित 8 लोग घायल हो गए।
जिले के बामड़ौला गांव से एक इको गाड़ी से भोपाल सिंह पुत्र ताराचंद, चालक मनजीत पुत्र भूप सिंह, शीला पत्नी तेजपाल, दस साल का जतिन पुत्र तेजपाल, प्रिया पुत्री कमल सिंह, चंचल पत्नी महेंद्र सिंह, रेखा पत्नी सुंदर, ओमपति पत्नी संतराम, ऊषा पत्नी जयसिंह, ओमपति पत्नी रामफल कुल 10 लोग सैनीवास धाम में बुलेट बाबा के यहां झाड़ा लगवाने गए थे।
शाम करीब 3 बजे वापस लौटते वक्त दुलीना पुलिस चौकी के पास गाड़ी का पिछला टायर फट गया। टायर फटने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। घटना में ओमपति पत्नी संतराम और ऊषा पत्नी जयसिंह की मौत हो गई जबकि बाकी सभी आठ लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर का दिया है।
सभी घायलों अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
- जयवीर सिंह, निरीक्षक, सद थाना प्रभारी