झज्जर। जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर मुक्केबाजी में अपना लोहा मनवाया है। शहर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम के दो प्रतिभाशाली मुक्केबाजों ने सर्विसेज चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है।
कोच हितेश देशवाल ने बताया कि 70 किलोग्राम भार वर्ग में हितेश गुलिया और 90 किलोग्राम भार वर्ग में हितेश चाहर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता मुंबई में 20 से 25 सितंबर तक आयोजित हुई, जिसमें देशभर से बेहतरीन मुक्केबाजों ने भाग लिया।
जिला मुक्केबाजी संघ के प्रधान सोमवीर अहलावत, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सोमवती जाखड़, मुख्य संरक्षक सूरजभान जाखड़ और ओलंपियन अखिल कुमार ने कहा कि दोनों मुक्केबाजों की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन से सफलता पाना संभव है।
झज्जर के युवा मुक्केबाज आने वाले समय में न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। यह जीत झज्जर स्टेडियम और कोच हितेश देशवाल की निरंतर मेहनत का परिणाम है, जिसने खिलाड़ियों को निखारने में अहम भूमिका निभाई।
26jjrp21- झज्जर। हितेश गुलिया