सेक्टर-9 में डिवाइडर रोड पर 22 दिन पहले पिस्तौल दिखाकर पालतू कुत्ता छीनने के मामले का खुलासा हो गया है। दरअसल, लुटेरों ने विदेशी नस्ल का कुत्ता देखकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। उनकी निशानदेही से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल, पिस्तौल व कुत्ता भी बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 9 जुलाई की शाम सेक्टर-9 में डिवाइडर रोड पर पालतू कुत्ते को घुमा रही सेक्टर-9 निवासी राजेश की पुत्री दीक्षा से बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर कुत्ता छीन लिया था और आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। सेक्टर-9 चौकी पुलिस को पालतू कुत्ते के बारे में सूचना मिली कि उसी नस्ल का कुत्ता गांव कुलासी में दो युवक लिए हुए हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और साथ ही कुत्ते की पहचान के लिए उक्त लड़की को भी साथ लिया। लड़की ने गांव कुलासी में कुत्ते की पहचान की। इस आरोप में गांव कुलासी निवासी मुकूल व आशीष उर्फ आशू निवासी वत्स कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पुलिस के समक्ष कुत्ता छीनने की वारदात का खुलासा किया है।
- विदेशी नस्ल और महंगा होने के चलते छीना था कुत्ता
सेक्टर-9 चौकी पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बताया है कि कुत्ता विदेशी नस्ल का और महंगा होने के कारण उन्होंने छीना था। उनका इरादा कुत्ते को बेचकर पैसे इकट्ठा करने का था, लेकिन कुत्ता बिक नहीं पाया। सेक्टर-9 चौकी पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी शादीशुदा है। बताया गया है कि दोनों कोई कार्य भी नहीं करते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही से कुत्ता, मोटरसाइकिल और पिस्तौलनुमा हथियार भी बरामद किया है। दोनों शादी शुदा हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
विनोद कुमार, चौकी प्रभारी, सेक्टर-9