बहादुरगढ़। पुलिस ने हथियारों के बल पर मर्सिडीज गाड़ी छीनने के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार है। गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-6 की पुलिस ने दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ शहर के एरिया से पकड़ा।
थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि गत 26 अगस्त की शाम को पीडीएम रोड से आरोपियों ने सेक्टर-9ए निवासी आकाश से हथियारों के बल पर एक मर्सिडीज गाड़ी छीन ली थी। आकाश पीडीएम रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आया था। जहां उसे सौरव निवासी पटेल नगर व शिव उर्फ सन्नी निवासी बराही मिले। सौरव ने उसे पैसे लाने के लिए टांडाहेड़ी चलने को कहा। वे दोनों आकाश को मातन गांव की तरफ ले गए। मातन में खरहर मोड़ पर पहुंचे तो दोनों ने अपनी पिस्टल निकालकर उस पर तान दी। गाड़ी को रुकवा कर उसे कंडक्टर सीट पर बैठा दिया। आकाश ने पुलिस को बताया था कि इस तरह सौरव व शिव ने योजना बनाकर उसकी मर्सिडीज गाड़ी छीनी थी। सेक्टर-6 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
वारदात में छीनी गई मर्सिडीज गाड़ी को लावारिस हालत में गांव माछरोली के एरिया से बरामद किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत से दोनों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों से गाड़ी छीनने की वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी और वारदात के संबंध में विस्तृत खुलासा होने की संभावना है।