दुजाना गांव के पास एक पिकअप गाड़ी का टायर फटने से पलट गई। पिकअप के पलटने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन को गहरी चोटें आई है, जिन्हें गंभीर हालत में झज्जर से रोहतक रेफर कर दिया गया है।
मेरठ के रहने वाले कुछ पशु व्यापारी पशुओं का व्यापार करने के लिए फिलहाल रोहतक के करौंथा गांव में रह रहे हैं। वे रविवार को सायं के समय अपनी पिकअप गाड़ी में सवार होकर झज्जर से वापिस करौंथा जा रहे थे तो गांव दुजाना के पास पिकअप गाड़ी का टायर फट गया। इससे पिकअप गाड़ी पलट गई और इसमें सवार आमीन की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि युसूफ, सलमान और आश मोहम्मद को गहरी चोटें आई। इन्हें राहगीरों ने झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वहीं मृतक आमीन को झज्जर के शवगृह में रखवा दिया गया है, जहां सोमवार को उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। हालांकि पिकअप चालक जयबीर बाल-बाल बच गया और उसे खरोंच तक नहीं आई।
बाइक के आगे सांड़ आने से दो युवक घायल
वहीं देर सायं भगत सिंह चौक पर रहने वाले विमल पुत्र सुरेश और जतिन पुत्र राजबीर अपनी बाइक पर सवार होकर बाजार के लिए निकले थे तो भगत सिंह चौक पर उनकी बाइक के आगे एक सांड़ आ गया। इसके टकराने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक गिर गई। इससे वे दोनों भी सड़क पर गिर पड़े और मामूली चोटें आई है। राहगीरों द्वारा उन्हें झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।