बहादुरगढ़। लेन-देन के विवाद में एक दोस्त ने ही अपने दोस्त की बड़ी बेरहमी से धारदार हथियार से हत्या कर डाली। घटना बीती रात बहादुरगढ़ के लाइनपार इलाके की है। मृतक युवक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस नेे लाइनपार के ही निवासी एक युवक पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस को उसको तलाशने में लगी हुई है।
लाइनपार स्थित शास्त्री नगर का निवासी संदीप (30) नाहरा-नाहरी रोड स्थित एक कंपनी में कार्य करता था। बीते तीन दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के छोटे भाई कर्मबीर ने बताया कि 22 दिसंबर की दोपहर करीब 1 बजे उसके बड़े भाई संदीप को विकास नगर का निवासी नवीन अपने साथ बाइक पर बैठा कर ले गया। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। वो और उनकी मां नवीन के घर गए। वहां कुछ पता नहीं लगा तो वे नवीन की पशु डेयरी में गए। उधर देखा कि संदीप का शव लहुलूहान अवस्था में पड़ा हुआ था। किसी धारदार हथियार से उसके मुंह व सिर के ऊपरी हिस्से को बुरी तरह से काट बिलकुल अलग कर रखा था। आसपास काफी मात्रा में खूब बह रहा था। यह देखकर कर्मबीर व उसकी मां के पांव तले जमीन सरक गई। आनन-फानन में उन्होंने घर पर सूचना दी। देखते ही देखते वारदात स्थल के पास लोगों की भीड़ जुट गई। कर्मबीर की मानें तो उसने नवीन के हाथ में फरसानुमा हथियार देखा था। उन्हें देखकर नवीन भाग गया था।
पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डीएसपी और एसएचओ स्तर के पुलिस अधिकारियों ने वारदात स्थल पर पहुंच कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर ले आई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना बृहस्पतिवार करीब साढ़े 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है। पुलिस को यह सूचना रात करीब 12 बजे मिली।
दोस्त थे दोनों
संदीप और नवीन दोनों दोस्त बताए जाते हैं। दोनों ही शादीशुदा थे। संदीप का करीब तीन साल पहले विवाह हुआ था। संदीप के पिता सुमेर सिंह के मुताबिक, जिस फैक्टरी में संदीप काम करता था उसी फैक्टरी में नवीन का एक रिश्तेदार भी काम करता था। उसी के जरिये इन दोनों की दोस्ती हुई थी। दोनों एक-साथ उठते-बैठते थे। बृहस्पतिवार को भी एक साथ ही थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच रुपयों का लेनदेन था। शायद इसी कारण यह वारदात हुई। खैर, असली कारणों का पता तो दोषी के गिरफ्तार होने बाद ही लग पाएगा।
पुलिस बोली
उधर, लाइन पार पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने कहा कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है। संदीप की हत्या क्यों व किन कारणों के चलते की गई इस बात का पता आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही चल सकेगा। आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उसे तलाशा जा रहा है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर मामले को पूरी तरह सुलझा लिया जाएगा।