बहादुरगढ़ (ब्यूरो)। शुक्रवार को पड़े घने कोहरे का असर रेल यातायात भी पर देखने को मिला। बहादुरगढ़ होकर दिल्ली और रोहतक की तरफ जाने वाली कई एक्सप्रेस और पैसेंजर गाड़ियां लेट रहीं। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
शुक्रवार को जनता एक्सप्रेस, दैनिक सुपरफास्ट, नवयुग एक्सप्रेस और छिंदवाड़ा एक्सप्रेस जैसी प्रमुख गाड़ियां काफी लेट रहीं। जनता एक्सप्रेस जहां साढ़े 3 घंटे लेट थी तो दैनिक सुपरफास्ट भी करीब डेढ़ घंटों देरी से थी। नवयुग एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से 2 घंटे देरी पर चल रही थी। छिंदवाड़ा एक्सप्रेस गाड़ी चार घंटे देर से बहादुरगढ़ पहुंची। इनके अलावा कई पैसेंजर गाड़ियां भी लेट थी। गाड़ियों की लेट-लतीफी के कारण रेलयात्रियों को काफी परेशानी हुई। एक तो गाड़ी लेट, ऊपर से ठंड बहुत थी। लोगों को समय बिताने में बेहद मुश्किलें हो गई। कुछ लोग तो स्टेशन परिसर में ही बिस्तर बिछा कर सो गए। गाड़ियों के लेट होने व कुछ गाड़ियां रद्द होने के कारण इन यात्रियों को बेहद परेशानी हो रही है। मजबूरन बसों और निजी वाहनों के जरिये अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।