संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जिले के गांव उखलचना कोट निवासी एक युवक के साथ कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
गांव उखलचना कोट निवासी अनिल ने बताया कि छह मार्च को बोडिया अड्डे पर पहुंचा तो सामने से आई एक कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मारी। टक्कर लगने के कारण वह और हर्ष रोड पर गिर गए।
इसके बाद गाड़ी में गांव उखलचना कोट निवासी रवि व बाॅक्सर उर्फ भीष्म आए। इस दौरान उनके साथ रोहन, लक्ष्य, यश, तुषार व अन्य भी गाड़ी से नीचे उतरे। तुषार ने उसकी कोहनी के पास सूआ मारा और बॉक्सर ने अपने हाथ में लिए हुए चाकू से उसको मारने की कोशिश की।
बाद में रवि ने उसको हथियार दिखाया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसको डंडों व थप्पड-मुक्कों से मारना शुरू कर दिया। मारपीट में वह घायल हो गया। इसके बाद उन्होंने उसको जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए। पुलिस ने इस संबंध में शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना सदर झज्जर में एफआईआर दर्ज कर ली है।