गांव लुहारी में शनिवार की सुबह ट्रक ने बच्चे को कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को गिरफ्त में ले लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर ब्रेकर बनवाने का भरोसा दिलाया, जिससे करीब एक घंटे बाद ग्रामीण जाम खोलने को राजी हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि गांव लुहारी निवासी मनवीर का 13 वर्षीय बेटा अंकित शनिवार की सुबह करीब नौ बजे दुकान में सामान लेने गया था।
जब वह सड़क क्रॉस कर रहा था, तो वहां से गुजर रहे एक तेज स्पीड ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से अंकित दूर जाकर गिरा।
उसके बाद ट्रक का पिछला टायर अंकित के पेट के ऊपर से गुजर गया। बुरी तरह कुचले जाने के कारण अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा होने के बाद ट्रक चालक जींद जिले के डाकल गांव निवासी रामकरण वहीं पर रुक गया। कुछ ही देर में वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई।
लोग ट्रक ड्राइवर पर भड़के थे। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। ट्रक ड्राइवर गलती होने और माफी देने की बात कह रहा था। इसी दौरान सूचना मिलने पर वहां पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। जाम की सूचना मिलने पर डीएसपी अनूप सिंह दहिया, झज्जर थाना प्रभारी सतनारायण और तहसीलदार प्रमोद चहल मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने उनसे मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और गांव से गुजरने वाली सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की।
प्रमोद चहल ने ग्रामीणों को उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। ग्रामीण तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग पर अड़े थे। प्रमोद चहल ने ग्रामीणों को काफी समझाया।
एक घंटे बाद ग्रामीण ठोस आश्वासन पर जाम खोलने के लिए राजी हुए। एक घंटे तक जाम रहने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई।
यातायात को सामान्य होने में लगभग और एक घंटे का समय लग गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी ट्रक चालक रामकरण के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।