सिविल अस्पताल में एनक्वास की टीम ने किया निरीक्षण, बजट अभाव में उपकरणों की नहीं मिली मेंटेनेंस
फोटो-30
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। सिविल अस्पताल में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) की टीम ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण तीन दिन तक जारी रहेगा। पहले दिन निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी खामी यह मिली कि अस्पताल के अधिकतर उपकरण बजट अभाव के कारण अब तक रिपेयर नहीं हो पाए हैं।
इस कारण अस्पताल में सबसे ज्यादा दिक्कत आ रही है। टीम ने पाया कि अस्पताल के पास बजट की कमी है। इस कारण उपकरणों की रिपेयर और कैलिब्रेशन का काम नहीं हुआ है। खास तौर पर एसएनसीयू में आटो क्लेब सहित अन्य उपकरणों की रिपेयर नहीं हुई है। ओटी से स्टरलाइज यूनिट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
टीम को अस्पताल के रिकार्ड में कुछ गेप मिले हैं जिनको ठीक करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा टीम के सदस्यों ने अस्पताल प्रशासन आईसी मेटीरियल की जगह बताई है ताकि उसे सही प्रकार से लगाया जा सके। टीम को अस्पताल में विशेषज्ञों की कमी मिली है। सबसे ज्यादा बाल रोग विशेषज्ञ अस्पताल में बनी है और एसएनसीयू उसके बिना ही चलाया जा रहा है।
कुछ डॉक्टरों को मेडिकल कॉलेज से लगाया गया था। अस्पताल में फिजिशियन का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। टीम ने माना कि अस्पताल में फिजिशियन नहीं है। आपातकालीन में फिजिशियन की जरूरत सबसे ज्यादा पड़ती है। फिलहाल अस्पताल में फिजिशियन से जुड़े केस आ रहे हैं, लेकिन उनके न होने के कारण मरीजों को दिक्कत आ रही है।
टीम ने गर्भवतियों से बातचीत भी की और सभी ने बेहतर सुविधाएं बताई। टीम सदस्यों ने बताया कि किसी को बाहर से कोई सामान लाना नहीं पड़ा। इस बारे भी मरीजों से बातचीत हुई है। ज्यादा गंभीर स्थिति होने पर ही मरीजों को रेफर किया गया है। टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. अनामिका, डॉ. सुभाष, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. अमित आहुजा, डॉ. प्रोमिल गर्ग मौजूद रहे।