फोटो नंबर-33नागरिक अस्पताल में चिकित्सक कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
नारनौल। क्षेत्र में ठंड का सीधा असर नागरिक अस्पताल की ओपीडी पर दिखाई देने लगा है। ठंड बढ़ने के साथ ही खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। नागरिक अस्पताल में जहां एक सप्ताह पहले तक रोजाना ओपीडी 700 से 800 के बीच थी, वहीं अब यह बढ़कर 1100 से 1200 तक पहुंच गई है।
चिकित्सकों के अनुसार मौसम के बदलते मिजाज का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन करीब 100 बच्चे और लगभग 125 बुजुर्ग सर्दी से जुड़ी बीमारियों की शिकायत लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के कक्षों के बाहर सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती हैं जिनमें अधिकांश खांसी, जुकाम, बुखार और गले में संक्रमण से पीड़ित हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि अचानक तापमान में गिरावट और ठंडी हवा के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। डॉक्टरों की ओर से विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनने, ठंडे पदार्थों से परहेज करने, पर्याप्त मात्रा में गर्म तरल पदार्थ लेने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी जा रही है।
वर्जन
सर्दी के कारण अस्पताल में 100 के करीब बच्चे आ रहे है। बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए खान-पान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। बच्चे अक्सर चिकाना खाते ही पानी पी लेते हैं जिससे खांसी के साथ बुखार आदि की शिकायत हो जाती है। -डॉ. विकास शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल
वर्जन
सर्दी का प्रभाव बुजुर्गों पर ज्यादा पड़ रहा है और रोजाना 125 के करीब बुजुर्ग मौसम के कारण बीमार हो रहे हैं। सर्दी में जहां तक हो सके बुजुर्गों और बच्चों को घर में ही रहना चाहिए। -डाॅ. जितेंद्र यादव, फिजिशियन नागरिक अस्पताल, नारनौल