07jjrp13- झज्जर। आंबेडकर चौक पर मजदूर बुलाकर दुकान के सामने सफाई कराते दुकानदार। संवाद
झज्जर। आंबेडकर चौक से छिक्कारा चौक मार्ग पर नगर परिषद ने दुकानें खुलने से पहले ही बुधवार को दुकानों के बाहर बने स्लैब बुलडोजर से तुड़वा कर सफाई करवाई। इससे दुकानों के आगे गंदगी जमा हो गई और परेशानी बढ़ गई। नगर परिषद अधिकारी ने नालों से निकाले गए कूड़े को सूख जाने के बाद उठाने की बात कही है।
नगर परिषद ने इस बार जनवरी में ही बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से लोगों को निजात दिलाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए नगर परिषद की तरफ से शहरी क्षेत्र में नालों की सफाई करने का काम किया जा रहा है। नगर परिषद ने बुधवार को सुबह आंबेडकर चौक से छिक्कारा चौक मार्ग पर एक तरफ के नाले की सफाई करने का काम शुरू किया।
नगर परिषद के अधिकारियों की तरफ से पहले ही सफाई करने के बारे में दुकानदारों को अवगत करा दिया गया था। दुकानदारों का कहना है कि नालों की सफाई होने के साथ ही गंदगी उठान का कार्य भी हाेना चाहिए। दुकानदार अनिल, बिट्टू, कपिल व सुरेंद्र का कहना है नगर परिषद अच्छा काम कर रहा है, लेकिन सफाई साथ कराए।
मजदूर लगाकर कराई सफाई
आंबेडकर चौक पर कुछ दुकानदारों ने मजदूर बुलाकर अपनी दुकानों के आगे सफाई कराई। इसके अलावा कुछ दुकानदार खुद ही अपनी दुकान के आगे सफाई करने में लगे रहे। इसके बाद आने वाले ग्राहकों के लिए दुकानों में आने की जगह बन पाई।
शहर में आंबेडकर चौक से छिक्कारा चौक मार्ग पर नालों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। कुछ दुकानदारों ने नाले से निकाले गए कूड़ा उठान को लेकर मुलाकात की है। दुकानदारों को आश्वासन दिया गया है कि दो से तीन दिन में कूड़ा सूखने के बाद उठान कराया जाएगा।
- अविनाश, चीफ सेनेट्री इंस्पेक्टर, नगर परिषद झज्जर
07jjrp13- झज्जर। आंबेडकर चौक पर मजदूर बुलाकर दुकान के सामने सफाई कराते दुकानदार। संवाद