फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोली चलाकर बदमाशों ने शराब की दुकान से लूटे दो लाख

विज्ञापन
विज्ञापन
बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रोड पर आशियाना होटल के नजदीक शराब की एक दुकान से सोमवार रात बदमाशों ने हथियारों के बल पर दो लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने छह बोतल शराब भी लूटी और गोली चलाकर फरार हो गए। चेहरों पर मास्क लगाए हुए चारों बदमाश कार में सवार होकर आए थे। लूटपाट करने के बाद रोहतक की ओर निकल गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और कार्रवाई आरंभ की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग न लग सका। शहर में लूटपाट की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही। बदमाश बेखौफ होकर वारदात करते हैं। पिछले चार सप्ताह में ही शहर में लूट की 16 से अधिक वारदात हो चुकी हैं।
विज्ञापन

आशियाना होटल के पास शराब की दुकान प्रदीप वाइन में यूपी के जिला ओरैया के गांव कैथावा निवासी पंकज और अजय कुमार सेल्समैन के रूप में कार्य करते हैं। सेक्टर-6 थाना पुलिस को दी शिकायत में पंकज ने बताया कि वे दोनों रात के समय दुकान के अंदर ही सोते हैं। पंकज के अनुसार, सोमवार रात 10 बजे वह लघुशंका के लिए ठेके का शटर उठाकर बाहर निकला तो उसी दौरान ठेके के बाहर एक गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में एक युवक बैठा रहा, जबकि उसमें से तीन युवक उतरे। तीनों ने चेहरे पर मास्क लगा रखे थे। दो युवकों के हाथ में पिस्तौल थी। तीनों युवा ठेके पर आए। उन्होंने बताया कि एक आरोपी ने पिस्तौल से ठेके के रैक में दो फायर किए और दूसरे ने उसके ऊपर पिस्तौल तान दी। तीनों ने गल्ले से जबरन करीब दो लाख रुपये लूट लिए। यही नहीं ठेके में रखी महंगी शराब की बोतलों में से छह बोतल शराब भी लूटकर ले गए।
बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पहले से ही स्टार्ट की हुई सफेद रंग की गाड़ी में बैठकर रोहतक की तरफ फरार हो गए। पंकज ने तुरंत ठेके मालिक और पुलिस को सूचित किया। वारदात की जानकारी मिलते ही सेक्टर-6 थाना व शहर थाना से भी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली, लेकिन आरोपियों के बारे में कुछ अहम सुराग हाथ न लग सके। एसएचओ जयभगवान ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है और मामले जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें