12jjrp25- झज्जर। सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता हरियाणा लड़कियों की टीम को सम्मानित कर
झज्जर। गांव पाटोदा स्थित निजी यूनिवर्सिटी में चार दिनाें तक चली सब जूनियर सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में हरियाणा लड़कियाें की टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा लड़कों की टीम में राजस्थान और लड़कियों की छत्तीसगढ़ की टीम विजयी रही।
सोमवार को सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के समापन पर सेमीफाइनल व फाइनल मैचाें का आयोजन किया गया। हरियाणा लड़कियों की टीम में जिले की चारों खिलाड़ियाें गांव बिठला से खुशी, ढाकला से वंशिका, कासनी से दिव्या व दादनपुर से रिदम का शानदार प्रदर्शन रहा।
इस दौरान लड़कों के वर्ग में सेमीफाइनल मैच में राजस्थान ने छत्तीसगढ़ को 4-3 और महाराष्ट्र ने आंध्र प्रदेश को 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद तीसरे स्थान के मैच में छत्तीसगढ़ ने आंध्र प्रदेश को 5-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
फाइनल में राजस्थान ने महाराष्ट्र को 1-0 से हराकर स्वर्ण जीता। लड़कियों के वर्ग में सेमीफाइनल मैच में हरियाणा ने राजस्थान को 7-0 और छत्तीसगढ़ ने मध्य प्रदेश को 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। तीसरे स्थान के मैच में राजस्थान ने मध्य प्रदेश को 1-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हरियाणा को 9-2 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसके बाद विजेता टीमों को पदक व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। यहां बता दे कि कार्यक्रम में मंत्री कृष्ण बेदी ने आना था लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया।