17jjrp13- वार्ड नंबर-एक में सड़क निर्माण का नारियल फोड़कर शुभारंभ करते चेयरमैन जिले सिंह सैनी।
झज्जर। नगर परिषद हाउस की साधारण बैठक बुधवार को नगर परिषद सभागार में होगी। इसमें सरकार की तरफ से मनोनीत तीन पार्षद पहली बार हिस्सा लेंगे। बैठक में 10 एजेंडों को शामिल किया गया है। बैठक की सूचना रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद, झज्जर विधायक के अलावा चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, पार्षदों व मनोनीत पार्षदों को जारी कर दी गई है।
बैठक में झज्जर शहर में ऑडिटोरियम का निर्माण करवाने बारे, झज्जर शहर में विभिन्न स्थानों पर हाई मास्ट लाइट लगाने के बारे में, झज्जर शहर में सड़कों को चिह्नित करके उन्हें स्मार्ट रोड बनाने के बारे में, सभी चौक-चौराहों का सुंदरीकरण करवाने के बारे में होगी।
इसके अलावा नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बीमा सुविधा उपलब्ध करवाने के बारे में, शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने के बारे में, चौक-चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगवाने के बारे में, कार्यालय में डाटा वेयरहाउस स्थापित करने के साथ विकास कार्यों एवं सुंदरीकरण और डॉग शेल्टर का एजेंडा होगा।
नगर परिषद की वाइस चेयरमैन अंशुल प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक में शहर के विकास को लेकर चर्चा की जाएगी। नप का प्रयास है कि शहर का ज्यादा से ज्यादा विकास करवाया जाएगा। इस बार बैठक में सीसीटीवी, आडिटोरियम जैसे विकास कार्यों को एजेंडे में शामिल किया गया है। इसके अलावा डॉग शेल्टर को लेकर भी एजेंडा शामिल है।
गली निर्माण की शुरुआत की
वार्ड नंबर एक में ओबीसी बैंक वाली गली से लेकर डॉ. राजोतिया हॉस्पिटल और प्रिय काॅलोनी की गली का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण कार्य को गति देने के लिए सोमवार को नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने शुरुआत की। इस अवसर पर पार्षद दिनेश छिकारा, पार्षद प्रतिनिधि नवीन छाबड़ा, पार्षद प्रतिनिधि महावीर के अलावा सोमवीर अहलावत, मोहित अहलावत, पार्षद जय सिंह उपस्थित रहे।