डीघल टोल प्लाजा 25 दिसंबर 2020 से बंद पड़ा था। किसान आंदोलन के चलते यहां से वाहन अब तक बिना रोक-टोक के गुजर रहे थे। टोल कंपनी को पिछले 11 माह से ज्यादा समय में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। रविवार रात दस बजकर 9 मिनट पर टोल कंपनी ने टोल वसूली शुरू कर दी है।
पिछले एक साल से किसान आंदोलन के चलते टोल प्लाजा बंद होने के कारण टोल चलाने वाली कंपनियों ने काम छोड़ दिया है। अब टोल का संचालन नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचआई) ने शुरू कर दिया है।
एनएचएआई अधिकारियों की मानें तो 20 किलोमीटर तक के लोगों को पहले सरकार की तरफ से 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती थी। सब्सिडी को अब बंद कर दिया गया। 20 किलोमीटर के लोकल यूजर को 285 रुपये का हर माह पास लेना होगा।
फास्टैग बिना दोगुनी राशि वसूली जाएगी
टोल प्रबंधकों ने बताया कि सभी वाहनों पर फास्टैग अनिवार्य है। जिस गाड़ी पर फास्टैग नहीं होगा उसकी कैश में दोगुनी राशि वसूली जाएगी। इसलिए गाड़ी चालकों को फास्टैग लगवाना जरूरी है ताकि वे फास्टैग लाइन से गुजर सकें।
टोल चालू करने के लिए स्टाफ को बुलाया
रविवार को टोल चालू करने के लिए करीब 150 कर्मचारियों को बुलाया गया था। तीन शिफ्टों में काम करने के लिए कर्मचारियों को बुलाया गया था, लेकिन किसानों ने देर शाम को टोल से टैंट हटाया था। उसके बाद अधिकारी टोल चालू करवाने में लग गए और रात तक टोल संचालन शुरू कर दिया गया।
हर रोज गुजरते थे करीब 12 हजार वाहन
डीघल टोल प्लाजा से किसान आंदोलन से पहले करीब 12 हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते थे। हर रोज करीब 9 लाख रुपये इकठ्ठे होते थे। अब पिछले करीब एक साल से टोल बंद होने से कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
बढ़े दाम वसूले जाएंगे
- कार 45 रूपये
- एलसीवी वाहन 75 रूपये
- बस अथवा ट्रक 160 रूपये
- मल्टी एक्सेल वाहन 250 रूपये
- ओवरसाइज वाहन 305 रूपये
अगस्त में बंद कर दी थी सब्सिडी
सरकार द्वारा पहले स्थानीय लोगों को को मासिक पास में सब्सिडी दी जाती थी। टोल बंद होने के कारण सरकार ने अगस्त में सब्सिडी को बंद कर दिया था। एनएचआई के आदेशनुसार अब 20 किलोमीटर के स्थानीय लोगों को 285 रुपये मंथली पास लेना होगा। जोकि 1 तारीख से 30 तक वैध होगा। उसके बाद अगले माह फिर पास लेना होगा। व्यवसायिक वाहनों को किसी प्रकार की कोई छूट नहीं दी जाएगी।
एक माह 3 करोड़ रुपये एकत्रित होता था
टोल अधिकारियों की माने तो जिस समय डीघल टोल पर वाहन टोल देकर गुजरते थे। तब हर माह 3 करोड़ रुपये एकत्रित होते थे। अब पिछले करीब एक साल से टोल बंद होने के कारण टोल कंपनी को 30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
टोल पर सरकार की तरफ से सब्सिडी बंद कर दी गई है। एनएचएआई के नियमानुसार 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले उपभोक्ताओं को 285 रुपये मासिक पास लेना होगा। व्यवसायिक वाहनों को टोल अदा करना होगा। -नितेश मलिक, टोल प्रबंधक, डीघल