03jjrp17- कोच कुलवीर राणा के साथ तपस्या गहलावत। स्रोत : कोच
साल्हावास। गांव खानपुर कला की तपस्या गहलावत पुत्री परमेश गहलावत का अंडर-23 में एशियन चैंपियनशिप की भारतीय टीम में 57 किलो भार वर्ग के लिए चयन हुआ है।
अब वह 23 मई से 27 मई तक वियतनाम में होने वाली चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी। पिता परमेश गहलावत व मां प्रोफेसर नवीन गहलावत ने बताया कि तपस्या 5 वर्ष से युद्धवीर अखाड़ा सोनीपत में कोच कुलबीर राणा, कोच सीमा राणा व खलीफा देवी की देखरेख में प्रशिक्षण ले रही हैं।
उन्होंने बुल्गारिया में आयोजित अंडर 20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2025 के 57 किलो भार वर्ग में भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने 2024 में एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप (बैंकॉक) में गोल्ड और जयपुर नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल भी जीता है। प्रो रेसलिंग में भी तपस्या ने शानदार प्रदर्शन किया है। वे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच और दो मैचों में फाइटर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। प्रो रेसलिंग में तपस्या गहलावत यूपी डोमिनेटर्स टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अजेय खिलाड़ी बनी। तपस्या के छोटे भाई दक्ष गहलावत भी रेसलर हैं। वह स्कूल स्टेट में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। तपस्या केयू से जुड़े आईजीएन कॉलेज लाडवा से बीए कर रही हैं। तपस्या की इस उपलब्धि पर खानपुर के समस्त ग्रामवासियों, दादी दयावंती, ऑल इंडिया गहलावत खाप के प्रधान दयानंद गहलावत, जिला पार्षद शिव कुमार खोरडा ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।