अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का पुतला फूंकते एसयूसीआई के पदाधिकारी। स्रोत : संगठन
रेवाड़ी। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव कामरेड शेर सिंह के नेतृत्व में निंदा दिवस के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका। कार्यकर्ता राव तुलाराम पार्क में एकत्र हुए और नाई वाली चौक पर अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को शेर सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने के नाम पर और विशेष रूप से गाजा में फलस्तीनियों पर इजरायली आक्रमण को रोकने के नाम पर ट्रंप ने जो शांति योजना प्रस्तावित की है, वह फलस्तीनियों को औपनिवेशिक ढांचे में गुलाम बनाने का प्रयास है। उन्होंने इसे खतरनाक और अस्वीकार्य बताया।
शेर सिंह ने कहा कि जब विश्व जनमत युद्धविराम और फलस्तीन राज्य को मान्यता देने की मांग कर रहा है, तब ट्रंप का यह प्रस्ताव साम्राज्यवाद की मंशा उजागर करता है।
कार्यक्रम में पार्टी की जिला कमेटी के सदस्य रामकुमार नीमोठ, अजय सिंह, करतार सिंह, संदीप, संतोष, नरेश, मीना देवी, बाबूलाल, बलवान सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।