झज्जर। जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने झज्जर शहर का दौरा कर शांति एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। बेरी गेट में रात के समय दो युवकों ने एक बुजुर्ग के साथ मारपीट भी की थी। उसके बाद पुलिस पूरी तरह से हरकत में आ चुकी है।
झज्जर शहर के बेरी गेट क्षेत्र के मौजूद व्यक्तियों से रूबरू होते हुए उन्होंने नशे के अवैध धंधे में संलिप्त कुछ व्यक्तियों के संबंध में जानकारी ली। क्षेत्र के लोगों को आश्वासन देते हुए उन्होंने नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में रविवार को हरियाणा पुलिस के महानिदेशक प्रशांत अग्रवाल ने भी अधिकारियों को आदेश दिए थे।
थाना प्रबंधक शहर झज्जर ने उपनिरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गत दिवस देर शाम को शहर के बेरी गेट क्षेत्र में बाइक पर दो युवक आए थे। वहां मौजूद कुछ लोगों का उनके साथ झगड़ा भी हुआ था। जिसके बाद से क्षेत्र में कुछ तनाव का माहौल बन गया था। इसी मसले को गंभीरता से लेते हुए एसपी वसीम अकरम सोमवार को बेरी गेट क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। पुलिस का प्रयास है नशा तस्करी में लिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उन्हें सूचना मिली थी कि बेरी गेट क्षेत्र में तीन-चार परिवार ऐसे हैं जोकि पिछले काफी लंबे समय से क्षेत्र में नशीला पदार्थ बेचते हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले करीब 4 महीनों में 17 मुकदमे दर्ज किए है। किंतु पकड़े गए आरोपियों से नशा काफी कम मात्रा में मिलने की वजह से अदालत द्वारा जमानत पर छोड़ दिया जाता है। पुलिस का प्रयास है कि उन लोगों पर शिकंजा कसा जाए जोकि नशे के बड़े तस्कर है। इसके लिए पुलिस ने बैनर, पोस्टर भी लगा दिए है। आमजन से अपील है कि उपरोक्त पोस्टर, बैनर में दिए गए मोबाइल नंबर या व्हाट्सएप नंबर पर ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में सूचना दी जाए।