झज्जर। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश का अनुमान जताया है। ऐसे में यदि बारिश हुई तो अनाज मंडियों में पड़ा लाखों क्विंटल गेहूं बारिश में भीग सकता है। अनाज मंडियों में करीब छह लाख क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा है। जिले की अनाज मंडियों में करीब आठ लाख क्विंटल गेहूं पड़ा खरीदा हुआ और बिना खरीदा हुआ है।
इस समय जिले की अनाज मंडियां गेहूं से फुल हो चुकी हैं। जिस तेजी से गेहूं की खरीद हो रही है उस तेजी से गेहूं का उठान नहीं हो पा रहा है। जिसकी वजह से मंडियों में मशीनों को गेहूं के ढेर लाए जा रहे हैं। झज्जर जिला की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर अब तक 52053 मीट्रिक टन गेहूं व 4656 मीट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है। वहीं मंडियों में अभी तक 9380 मीट्रिक टन गेहूं और 2943 मीट्रिक टन सरसों का उठान हुआ है। अभी भी 42673 एमटी गेहूूं अनाज मंडियों में खरीदा हुआ पड़ा है। करीब 30 हजार एमटी से अधिक गेहूं बिना खरीद अनाज मंडियों में पड़ा है। झज्जर की अनाज मंडी में करीब 10 से 12 फुट ऊंचाई तक के ढेर लगाए गए हैं। आठ जेसीबी मशीनें अनाज मंडी में गेहूं के ढेर लगाने में जुटी हैं। जिले की अनाज मंडियों में समय पर आढ़तियों को गाड़ियां न मिलने से उठान कार्य धीमा चल रहा है। खरीद एजेंसियों के गोदामों पर गाड़ियां समय पर खाली नहीं हो पा रही है।
गोदामों पर गेहूं से भरी गाड़ियों की लाइन लगी हुई है। गोदामों पर गेहं ला रहे गाड़ी चालकों को कई-कई घंटे तक सड़क किनारे खड़ा रहा कर गर्मी के बीच अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं इसका खामियाजा आढ़तियों व किसानों को भुगतना पड़ रहा है। अगर उठान कार्य में तेजी नहीं आई तो मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ा गेहूं भीग जाएगा। अगर गेहूं को उपर से ढक भी दिया तो ढेरों के नीचे पानी घुसने से गेहूं खराब हो जाएगा। इस समय मौसम में बदलाव आने की आशंका है।
अनाज मंडियों में हुई 52053 मीट्रिक टन गेहूं खरीद
अनाज मंडी गेहूं की खरीद
झज्जर 11599 मीट्रिक टन
बादली 2956 मीट्रिक टन
ढाकला 3142 मीट्रिक टन
बेरी 11025 मीट्रिक टन
मातनहेल 8421 मीट्रिक टन
माजरा दूबलधन 4058 मीट्रिक टन
छारा 3530 मीट्रिक टन
बहादुरगढ़ 364 मीट्रिक टन
आसौदा 3113मीट्रिक टन
पाटौदा 3846मीट्रिक टन
जिला में कुल 4656 मीट्रिक टन सरसों की खरीद दर्ज
अनाज मंडी सरसों की खरीद
बहादुरगढ 483 मीट्रिक टन
बेरी 426 मीट्रिक टन
ढाकला 390 मीट्रिक टन
झज्जर 2388 मीट्रिक टन
मातनहेल 970 मीट्रिक टन
वर्जन
खरीद एजेंसियों को खरीद की गई उपज के उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। किसानों की सुविधाओं के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है। उठान कार्य प्रतिदिन होना चाहिए। ताकि मंडी में अपना उत्पाद लाने में किसानों को कोई परेशानी न हो। खरीद एजेसिंयों को सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जारी समय सीमा में किसानों की फसल का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
- शक्ति सिंह, डीसी, झज्जर।