अपराधियों पर पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। क्षेत्र में लगातार लूट और गोली मारने की घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार को शहर में गोली मारकर एचएसआईआईडीसी के ड्राफ्ट्समैन की गाड़ी लूट ली गई। पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार एचएसआईआईडीसी में ड्राफ्ट्समैन के तौर पर कार्यरत कर्मचारी संजय मंगलवार की शाम करीब 6 बजे कार्यालय का काम निपटाकर घर की तरफ जा रहा था। संजय ने कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित दुकान पर चाय पीने के लिए रुक गया। उसी दौरान बदमाश युवक उसके करीब आये और उन्होंने उससे गाड़ी की चाबी मांगी। जब उसने इसका विरोध किया तो बदमाशों में से एक नए हाथ में लिए हथियार से उसके पैर के ऊपरी हिस्से में गोली मार दी और चाबी छीन कर फरार हो गए। लहूलुहान हालात में उसे शहर के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा घायल का इलाज किया जा रहा है। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया गया है कि घायल संजय 10 दिन पहले ही नई गाड़ी लेकर आया था। इधर, मंगलवार शाम करीब साढ़े 4 बजे चार बदमाशों ने झड़ौदा निवासी एक युवक से पिस्तौल दिखाकर बाइक और मोबाइल लूट लिए। आशंका है कि जिन बदमाशों ने युवक से बाइक लूटी थी, उन्हीं ने एचएसआईआईडीसी के ड्राफ्ट्समैन को गोली मारकर गाड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले ही जांच कर रही है।