बहादुरगढ़। गणतंत्र दिवस और जी-20 समिट को लेकर हरियाणा पुलिस भी अलर्ट पर है। इन दोनों आयोजनों पर सभी देशों की नजरें टिकी हुई हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने इसको लेकर एक इंटर-स्टेट को-ऑर्डिनेशन मीटिंग भी की। इसमें हरियाणा पुलिस के अफसरों ने भी शिरकत की। साथ ही संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। दोनों प्रदेशों के अधिकारियों ने इस मीटिंग में आतंकी इनपुट और आतंकवाद विरोधी उपायों से जुड़े इनपुट भी सांझा किए।
हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। टिकरी बॉर्डर पर जांच, संदिग्ध तत्वों के वेरिफिकेशन, खुले एरिया में पैराग्लाइडर, ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की आवाजाही पर चर्चा की गई। इस दौरान किसी की संदिग्ध शख्स या गाड़ी के आने-जाने की सूचना पहले देने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि एनसीआर में सक्रिय इंटर-स्टेट गिरोहों, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई के मामलों पर भी बातचीत हुई। दिल्ली पुलिस के सीपी संजय अरोड़ा ने कहा कि हथियारों की तस्करी को रोकना प्राथमिकता में होना चाहिए। निचले स्तर के स्टाफ को अलर्ट रखने की जरूरत है। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ट्रैफिक प्रतिबंध, बॉर्डर पर अवैध तरीके से घुसपैठ रोकने के लिए ठोस कदम उठाने पर योजना बनाई गई है। सुरक्षा को लेकर हरियाणा पुलिस के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है। उन्हें पूरी सूचना दी गई है। मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।