अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ आज झज्जर में है। यहां सुबह मतदाताओं से चाय पर चर्चा की गई। वहीं, दोपहर में युवाओं के मुद्दे जाने गए। चुनावों को लेकर युवाओं के क्या विचार हैं, नई सरकार से उनकी क्या अपेक्षाएं हैं। यह सब हम जानने की कोशिश की।
एक युवा मतदाता ने कहा कि अग्निवीर को खत्म कर देना चाहिए। चार साल में बच्चे क्या ही कर लेंगे। छात्रों की उम्र निकली जा रही है। देश का युवा अग्निवीर योजना का विरोध कर रहा है, इससे युवा खुश नहीं है। जिस तहर से पहले भर्ती होती थी। उसी तरह से अब होनी चाहिए। युवा देश की सेवा करना चाहते हैं।
एक छात्रा ने कहा कि भाजपा सरकार में लड़कियां पीछे होती जा रही हैं। बेरोजगारी ज्यादा है। कांग्रेस ने हमसे रोजगार देने का वादा किया है। हम अबकी बार कांग्रेस के साथ हैं। एक अन्य छात्रा ने कहा कि गांव से लड़कियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
एक अन्य छात्रा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। राम मंदिर बनने, धारा 370 हटने से हमारा क्या फायदा। बेरोजगारी तो वहीं की वहीं है। हरियाणा में युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। इनकी सरकार में पेपर लीक हो जाता है। अबकी बार कांग्रेस से हमें उम्मीद है।
बता दें कि हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं। यहां 5 अक्तूबर को मतदान होगा और मतगणना 8 अक्तूबर को होगी। बहुमत के लिए 46 का आंकड़ा चाहिए। पिछली बार भाजपा 40 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके बाद भाजपा ने दस सीटें जीतने वाली जजपा के साथ मिलकर सरकार का गठन किया था। कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं। एक-एक सीट इनेलो और हलोपा के खाते में आई थी।सात सीटें निर्दलीयों ने जीती थी।