बहादुरगढ़। गांव आसंडा में बिजली का ट्रांसफॉर्मर लगाने को लेकर हुई कहासुनी में एक व्यक्ति को पिस्तौल का बट मारकर व उस पर फायर करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आसौदा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना आसौदा के अंतर्गत पुलिस चौकी मांडोठी प्रभारी उप निरीक्षक जय भगवान ने बताया कि सत्यवान निवासी आसंडा ने शिकायत दी थी कि 19 अप्रैल को उनके गांव का सरपंच, बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ उनके मकान की दीवार के पास ट्रांसफॉर्मर लगवाने लगा। इसका विरोध किया तो सरपंच संदीप ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से उसके सिर में बट मारा और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। थाना आसौदा में मामला दर्ज किया गया। मांडोठी चौकी में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजीव कुमार की टीम ने मामले में सरपंच संदीप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से वारदात में प्रयोग लाइसेंसी पिस्तौल जिसमें चार जिंदा रौंद और एक खाली खोल था बरामद कर लिया है।