बहादुरगढ़। सेक्टर-9 बाईपास पर एक गाड़ी व बग्गी की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बग्गी पर सवार तीन लड़कों को चोट आई हैं। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो घोड़ी भी गंभीर रूप से घायल हैं। पशु मालिकों को काफी नुकसान हुआ है। हादसा रविवार की दोपहर को हुआ।
दरअसल, राजस्थान मूल के तीन किशोर बग्गी लेकर दिल्ली जा रहे थे। जब ये बाईपास पर नए बस स्टैंड के निकट पहुंचे तो पीछे से एक स्काॅर्पियो गाड़ी आई और बग्गी से टकरा गई। इस दौरान बग्गी को खींच रही दोनों घोड़ी बुरी तरह से जख्मी हो गई। एक के पांव टूट गए तो दूसरी सड़क पर निढाल हो गई। बग्गी में सवार लड़कों को भी चोट आई। राहगीरों ने घायल लड़कों को संभाला और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। टक्कर लगने से स्काॅर्पियो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे की वजह अभी जांच का विषय है। सूचना पाकर सेक्टर-9 चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर शाम तक घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। घायलों या उनके परिजनों के बयान के बाद ही पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी। तीनों किशोर राजस्थान मूल से हैं और यहां नयागांव बाईपास चौक के पास रहते हैं। किसी पशुपालक की बग्गी चलाते हैं।