03jjrp23- झज्जर। स्वर्ण पदक जीतने के बाद सपनाअन्य खिलाडियों व कोच के साथ। स्रोत- परिवार
झज्जर। गांव जैतपुर की बेटी सपना नागल ने अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम में कुश्ती में स्वर्ण पदक हासिल किया है। सपना ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया। स्वर्ण पदक जीतने के बाद सपना ने तिरंगा लहराया। सपना के स्वर्ण पदक जीतने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
सपना पंजाब के मोहाली में बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। सपना पिछले तीन वर्षों से बीएसएस में अपनी सेवाएं दे रही हैं। अमेरिका के बर्निंघम में 30 जून से 4 जुलाई वर्ल्ड पुलिस गेम्स का आयोजन किया गया। इसमें जिले के गांव जैतपुर की बेटी सपना ने भाग लेकर कुश्ती के 59 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इससे पहले सपना ने भारत में कई पदक हासिल किए है। वहीं अब सपना ने अमेरिका जाकर स्वर्ण पदक हासिल कर अपने गांव, जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। सपना इससे पहले दो बार ऑल इंडिया पुलिस गेम में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। वह नेशनल गेम्स में कांस्य पदक, सीनियर नेशनल में रजत व अन्य कई पदक हासिल कर चुकी हैं।
सपना की कामयाबी पर उनके पिता नरेंद्र नांगल, माता मंजू बाला, कोच याशिन खान व अन्य परिवार के सदस्यों का सहयोग रहा। सपना के पिता नरेंद्र रोडवेज विभाग में चालक के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा सपना के पति प्रवेश व उसकी सास सुरेश देवी, रामरती देवी ने उसका साथ उसके सपने को पूरा करने में पूरा सहयोग किया।
सपना की करीब चार वर्ष पहले गांव रावलधी में शादी हुई है। कोच याशिन खान के अखाड़े चरखी दादरी में भी खुशी का माहौल है। इस अवसर पर रोडवेज डिपो झज्जर महाप्रबंधक संजीव तिहाल, प्रधान कृष्ण सिवाणा, रामबीर प्रधान डीघल, नीटू कासनी, सुरेंद्र नांगल सहित अन्य ने सपना को बधाई दी।