संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर वीरवार को बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों ने झाड़ू प्रदर्शन किया। प्रदर्शन तुलाराम पार्क से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए पकोड़ा चौक पर संपन्न हुआ। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए। जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि एक मई से 14 मई 2026 तक चली हड़ताल के दौरान सरकार और कर्मचारी नेताओं के बीच 22 में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी। सरकार ने 30 जून तक इन मांगों से संबंधित आदेश जारी करने का भरोसा दिया था लेकिन अब तक कर्मचारियों के हित में एक भी पत्र जारी नहीं किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि इसी के विरोध में प्रदेशभर के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में झाड़ू प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द लंबित आदेश जारी करने की मांग करते हुए कहा कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गई तो पूरे हरियाणा में दोबारा बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रदर्शन की अगुवाई बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर ने की जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। राज्य संगठनकर्ता राजपाल और जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड़ भी मौजूद रहे। इनके अलावा कैशियर मुकेश बालगुहेर, उपप्रधान ऊषा, सह सचिव होशियार सिंह, ऑडिटर सुनील, कुलदीप, संदीप टॉक, जय भगवान, सोनू सहित सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया।