झज्जर। डीसी शक्ति सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों की पालना करनी होगी, इससे सड़क दुर्घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य सड़क मार्गों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
डीसी लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को सड़क सुरक्षा की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। डीसीपी मयंक मिश्रा ने बैठक में यातायात संबंधी नियमों की अनुपालना बारे निर्देश दिए। डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ट्रैफिक लाइटों की मरम्मत कराते हुए तुरंत चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेशक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है, लेकिन स्कूली बसों की भौतिक जांच की जानी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा रोडवेज बसों व ऑटो रिक्शा चालकों की मेडिकल फिटनेस जांची जाए। जिन ड्राइवरों की मेडिकल फिटनेस सही नहीं मिलती है उनके लाइसेंस रद करने की संबंधित एसडीएम कार्यालय में सिफारिश की जाए।
डीसी ने कहा कि शहरों के सभी प्रवेश व निकासी प्वाइंट पर रोड मार्किंग, सेफ्टी डिवाइस जैसे रोड स्टैंड्स, कैट्स आई बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से सड़क पर वाहनों को न खड़े रहने दिया जाए। चूंकि दुर्घटनाओं का सबब ऐसे अवैध तरीके से खड़े हुए वाहन बनते हैं। उन्होंने सरकारी व निजी बसों को निर्धारित स्थान पर ही रोकने के निर्देश दिए। डीसी ने ई-रिक्शा का पंजीकरण शत-प्रतिशत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग विभाग को सभी स्पीड ब्रेकर को पेंट करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला भर में चल रही सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी लाने के अधिकारियों को हिदायतें दी।
सड़क मार्गों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं : डीसी
डीसी ने मोटर वाहन नियम के अंतर्गत लोगों को जागरूक करने के साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधित कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मुहिम में आमजन को सहभागी बनाने के लिए प्रेरित करने की बात दोहराई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले की सभी सड़कों से पोट होल्स को सही कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा एजेंडे में शामिल बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि जिला की सीमा के भीतर से गुजरने वाले राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों को तुरंत बंद कराया जाए।
सभी टोल प्लाजा के कैमरों का किया जाएगा अवलोकन
सभी तीनों टोल प्लाजा पर कैमरों का अवलोकन करते हुए उन्हें चालू रखा जाए। डीसी ने अधिकारियों को ट्रैफिक साइन बोर्डों पर लगे विज्ञापनों को हटवाते हुए संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने एरिया से संबंधित उपमंडल अधिकारी (ना.) व संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए। ओवर स्पीड, मोबाइल यूज, ड्रंकन ड्राइव, सीट बेल्ट, बिना हेलमेट राइडिंग आदि से संबंधित चालान अधिक से अधिक किया जाए ताकि आमजन सडक़ सुरक्षा से संबंधित नियमों का गंभीरता से पालन करें।
बैठक में इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीएफओ विपिन कुमार सिंह, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल, डीएमसी परवेश कादियान, बेरी के एसडीएम रविंद्र मलिक, सिविल सर्जन डाॅ. ब्रह्मदीप सिंह उपस्थित थे।