चरखी दादरी। पीडब्ल्यूडी जिले में करीब 15 करोड़ से विकास कार्य कराएगी। इसके तहत सांवड़ में पीएचसी बनाई जाएगी तो वहीं जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों की मुख्य सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर आमंत्रित किए हैं और अगले 15 दिन के अंदर यह प्रक्रिया सिरे चढ़ने की उम्मीद है। इसके तुरंत बाद धरातल पर काम शुरू कराने के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। सांवड़ में पीएचसी सीएम मनोहर लाल की घोषणा अनुसार बनाई जाएगी और समीपवर्ती पांच गांवों को भी इसका फायदा मिलेगा। वहीं, तीनों सड़कों का निर्माण होने से प्रतिदिन करीब पंद्रह हजार वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
विभाग ने पीएचसी केंद्र सहित 15 करोड़ के चार अन्य प्रोजेक्टों को भी जल्द ही पूरा करवाने के लिए टेंडर लगा दिए हैं। 15 दिन में अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग इन पर काम शुरू करेगा। पीएचसी केंद्र खुलने से आसपास के गांवों में चिकित्सा सुविधाओं का फायदा हो सकेगा। सीएम घोषणा के तहत दादरी- रोहतक प्रमुख सड़क मार्ग पर सरकार पीएचसी केेंद्र का निर्माण करवाने जा रही है। इस एरिया में लंबे समय से पीएचसी केंद्र की जरूरत बनी हुई है। सांवड़ गांव की आबादी भी करीब दस हजार से ऊपर है। इसके अलावा आसपास के गांवों के लोगों को भी इसका फायदा मिल सकेगा। लोगों को प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब ढाई करोड़ का बजट खर्च होना है। इसके लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। 15 दिन में टेंडर अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा करीब ढाई करोड़ के बजट से पीडब्ल्यूडी विभाग के नए भवन का भी निर्माण होना है। इसके लिए भी टेंडर लगा गए हैं। पीएचसी व पीडब्ल्यूडी भवन निर्माण के प्रोजेक्ट पर विभाग ने पांच करोड़ का बजट खर्च करना है। विभाग ने अपना पुराना भवन तोड़ दिया है। इस जगह पर नया रेस्ट हाउस भवन बनाया जाना है।
दस करोड़ से होगा इन सड़कों का निर्माण
इसी प्रकार पीडब्यूडी विभाग 10 करोड़ के बजट से तीन सड़कों का भी निर्माण करवाएगा। इसके लिए भी टेंडर लगा दिए गए हैं। इसके तहत गांव घसोला से भैरवी तक सड़क मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इस प्रकार बलकरा से मकड़ानी तक सड़क बनेेगी। बाढड़ा से बेरला तक सड़क निर्माण कार्य होगा। इन तीनों सड़क मार्गों पर 10 करोड़ बजट खर्च किया जाएगा। इससे सड़क सेवाओं में भी सुधार आएगा।
घसोला-भैरवी लिंक मार्ग करेगा महेंद्रगढ़ और लोहारू रोड का जुड़ाव
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि घसोला सेे भैरवी लिंक सड़क मार्ग बनने से महेंद्रगढ़ रोड व लोहारू रोड आपस में लिंक हो जाएंगे और इससे वाहन चालकों को काफी सुविधा होगी। जिले में अन्य कई सड़कों के निर्माण के प्रोजेक्ट भी कागज प्रक्रिया में हैं। बौंद कलां, रानीला-बास, साकरोड़ में भी सड़कों का निर्माण होने जा रहा है। इसके अलावा सीएम घोषणा के तहत शहर से गांव ढाणी फौगाट तक 2.60 किलोमीटर की दूरी में सड़क की चौड़ाई बढ़नी है। इसका एक करोड़ का बजट मंजूर हो चुका है।
इन पांचों प्रोजेक्ट पर 15 दिन में कागज प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करवाने के लिए तेजी से काम चल रहा है ताकि लोगों को जल्द ही सुविधाएं मिल सकें। जल्द से सभी प्रोजेक्ट पर जल्द से जल्द काम पूरा कराने का हम प्रयास करेंगे।
सुरेंद्र दलाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी