बहादुरगढ़। छारा के चौधरी हरद्वारी लाल राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए प्लेसमेंट सेल की ओर से विशेष एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय महिला महाविद्यालय पाली रेवाड़ी के प्राचार्य डॉ. करन सिंह ने कहा कि कॅरिअर की राहत में रेज्युमे और आत्म विश्वास की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावशाली रेज्यूमे तैयार करने की बारीकियों के साथ-साथ इंटरव्यू में सफलता हासिल करने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल तकनीकी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में बेहतर कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता भी जरूरी है।
उन्होंने ने इंटरव्यू के दौरान बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास, प्रश्नों का जवाब देने के तरीके और रेज्यूमे में आवश्यक जानकारी शामिल करने संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील दलाल ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को ऐसे मार्गदर्शन सत्रों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संयोजन प्लेसमेंट सेल प्रभारी एवं वाणिज्य विभाग की सहायक प्रोफेसर गीतांजलि ने किया। इस अवसर पर डॉ. अनीता दलाल, डॉ. संजय देशवाल, मंजू मलिक, डॉ. जयंत, डॉ. श्वेता, मोहित, अनुराग, सूर्यांश, राहुल सहित महाविद्यालय स्टाफ व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
-फोटो 81 : विद्यार्थियों को संबोधित करते राजकीय महिला महाविद्यालय पाली, रेवाड़ी के प्राचार्य डॉ. करन सिंह। स्रोत कॉलेज