बेरी। गांव धौड़ में पिछले दिनों दो सगे भाइयों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद आठ वर्षीय केशव की मौत हो गई थी। सोमवार को दुजाना पुलिस ने मृतक केशव के शव का रोहतक पीजीआईएमएस में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जांच के लिए विसरा रिपोर्ट लेकर लैब में भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
गांव धौड़ निवासी भूपेंद्र के दोनों बच्चे केशव (8) और कार्तिक (करीब 6) रविवार सुबह उठे थे। इसी दौरान अचानक केशव की तबीयत बिगड़ गई थी। बच्चे की हालत खराब होने पर परिजन आनन-फानन में उसे झज्जर स्थित नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने बच्चे की जांच करने के बाद उसे इंजेक्शन दिया और उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
बताया जा रहा है कि अस्पताल से घर लौटने के कुछ समय बाद केशव के छोटे भाई कार्तिक की भी अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और वे दोनों बच्चों को उपचार के लिए रोहतक स्थित पीजीआईएमएस लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों का उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान केशव की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
वहीं कार्तिक का रोहतक के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जांच अधिकारी अशविंद्र हुड्डा ने बताया कि धौड़ गांव के दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले में आठ वर्षीय केशव की मौत हो जाने पर सोमवार को पीजीआई एमएस रोहतक में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। विसरा रिपोर्ट लैब में भेजी गई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।