रोहतक-झज्जर-रेवाड़ी रेलवे लाइन की फाटक नंबर 25 पर बनाए जा रहे ऊपरगामी पुल का निर्माण कार्य जल्द ही दोबारा से शुरू होगा। पिछले करीब 4 माह से रेलवे की तरफ से ड्राइंग पास न किए जाने के कारण पुल का निर्माण कार्य बंद पड़ा था। रेलवे की तरफ से रेलवे लाइन के ऊपर से बनने वाले पुल के हिस्से की ड्राइंग को मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब रेलवे की ठेकेदार की तरफ से जल्द पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस पुल का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग व रेलवे की तरफ से किया जा रहा है।
31 दिसंबर तक किया जाना है पुल का निर्माण कार्य पूरा
दिसंबर 2017 में शुरू हुए इस पुल के निर्माण के लिए संबंधित कंपनी को 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। फिलहाल निर्माण कार्य की अवधि पूरी होने में करीब 4 माह का समय शेष बचा हुआ है। जल्द ही रेलवे के ठेकेदार की तरफ से रेलवे लाइन के ऊपर के हिस्से का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और उसके साथ ही लोक निर्माण विभाग की तरफ से भी पुल के बाकी बचे हुए कार्य को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की तरफ से रेलवे लाइन के दोनों तरफ पुल के हिस्से का लगभग कार्य पूरा कर लिया गया है। अब केवल रेलवे की तरफ से लाइन के ऊपर के हिस्से का निर्माण कार्य पूरा किया जाना है।
दो हिस्सों में किया जा रहा है पुल का निर्माण कार्य
रेवाड़ी-झज्जर-रोहतक रेलवे लाइन पर नेशनल हाईवे 334बी पर बनाए जाने वाले इस पुल का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग व रेलवे की तरफ से दो हिस्सों में किया जा रहा है। रेलवे लाइन के दोनों तरफ का कार्य लोक निर्माण विभाग को दिया गया है। जबकि रेलवे लाइन के ऊपर के हिस्से का निर्माण कार्य रेलवे की तरफ से किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग प्रदेश सरकार की तरफ से किए जाने वाले कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहा है। जबकि केंद्र सरकार की तरफ से किए जाने वाले निर्माण कार्य को पूरा करने की जिम्मेदारी रेलवे को दी गई है।
रेलवे की तरफ से पुल की ड्राइंग को मंजूरी दे दी गई है। जल्द ही रेलवे का ठेकेदार पुल का निर्माण कार्य शुरू कर देगा और 31 दिसंबर तक पुल का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है।
नरेंद्र सिंह सिंगरोहा, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, झज्जर।