-फोटो 54 : गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव पर करतब दिखाते कलाकार। संवाद -----------
बहादुरगढ़। शहर में गुरु गोबिंद सिंह का प्रकाशोत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। गुरुद्वारों में कीर्तन और लंगर का आयोजन किया गया। इसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। नगर कीर्तन के दौरान निकाली गई शोभायात्रा से वातावरण भक्तिमय बन गया।
शहर में गुरु पर्व के उपलक्ष्य में सचखंड सिंह सभा गुरु नानक कालोनी से नगर कीर्तन और शोभा यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा रोहतक रोड, बराही रोड, इंदिरा मार्केट, रेलवे रोड, मेन बाजार, नजफगढ़ रोड से होती हुई बड़ा गुरुद्वारा जटवाड़ा मोहल्ला में पहुंचकर संपन्न हुई। इस शोभा यात्रा में स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए व बैंड बाजों के साथ-साथ गतका पार्टी ने भी आकर्षक प्रदर्शन किया। मार्ग को साफ-सुथरा करके पुष्पों की वर्षा की जा रही थी और उसके आगे गुरु गोबिंद के पंज प्यारे चल रहे थे।
शोभा यात्रा में सभी समुदाय के लोगों ने श्रद्धा पूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर गुरुद्वारा सचखंड साहिब समिति के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित सिक्ख समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शोभा यात्रा के दौरान समाज सेवियों द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई थी।