बादली। एक सप्ताह पहले ही दिल्ली के नजफगढ़ से झज्जर के लिए शुरू हुई दिल्ली परिवहन विभाग (डीटीसी) के बस चालक-परिचालक के साथ निजी बस संचालकों ने झगड़ा कर दिया। शनिवार को बादली के पास ढांसा बॉर्डर पर निजी बस संचालकों ने डीटीसी बस का रास्ता रोक लिया। इतना ही नहीं बस को हरियाणा सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया। करीब आधा घंटा बॉर्डर पर ही बस खड़ा रहने के बाद डीटीसी बस में बैठी सवारी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बादली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को झज्जर के लिए रवाना किया। जबकि निजी बस संचालकों को भी हिदायत दी।
बता दें कि एक सप्ताह पहले ही दिल्ली के परिवहन मंत्री ने झज्जर के लिए डीटीसी बस सेवा शुरू की थी, इसके बाद निजी बस संचालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। वही आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव मास्टर रणबीर गुलिया का कहना है कि कुछ निजी बस संचालक डीटीसी बसों को बंद कराने पर अड़े हुए हैं, इसके चलते बस चालक और परिचालकों के साथ-साथ सवारियों को परेशान कर रहे हैं। वहीं मास्टर रणबीर का कहना है कि आगे भी इस तरह निजी बस संचालकों का व्यवहार रहा तो बादली गांव में पंचायत का आयोजन किया जाएगा। उधर बादली थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि झगड़े की सूचना मिली थी और पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में दोनों पक्षों को थाने में लाया गया और दोनों में सुलह हो गई।