झज्जर। ग्वालिसन रोड पर एक होटल में महिला के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सीआईए झज्जर व थाना सदर झज्जर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमेश निवासी लखीमपुरखीरी उत्तर प्रदेश के तौर पर की गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या करने वाला रमेश महिला का पति नहीं बल्कि उसका साथी था। उसकी कुछ ही दिन पहले इस महिला के साथ दोस्ती हुई थी। इनका किसी बात को लेकर आपस में लड़ाई-झगड़ा हो गया। इसी में आरोपी ने महिला को चोट मारी और महिला की मौत हुई थी। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार आरोपी को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस केस को सुलझाने के लिए पुलिस उपायुक्त झज्जर लोगेश कुमार ने कई टीमों का गठन किया था। अब सीआईए झज्जर निरीक्षक विवेक मलिक व थाना सदर झज्जर की पुलिस टीम ने इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की है। थाना प्रबंधक सदर झज्जर निरीक्षक कृष्णकांत ने बताया कि कैलाश निवासी तलाव ने पुलिस में शिकायत दी थी कि ग्वालिसन रोड पर उसका हैप्पी नाम से होटल है, जो कोरोना के समय से बंद है। करीब एक महीने पहले उसके होटल पर रमेश व एक महिला आई, जो मेहनत मजदूरी का काम करते थे। उसने कहा कि यह दोनों होटल की साफ-सफाई व देखभाल कर लेंगे। 4 नवंबर को उसके पास तलाव निवासी एक व्यक्ति का फोन आया कि आपके होटल पर जो मजदूर रहते हैं, उनका आपस में लड़ाई-झगड़ा हुआ है। रमेश ने लड़ाई-झगड़ा में अपनी पत्नी को चोटें मारी है, जिस कारण उसकी मृत्यु हो गई। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश के खिलाफ थाना सदर झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।